मिर्ज़ापुर जनपद के युवा नवगीतकार शुभम् श्रीवास्तव ओम को उनके नवगीत संग्रह ‘गीत लड़ेंगे अँधियारों से’ के लिए हिन्दुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज द्वारा वर्ष- 2020 के लिए ‘हिन्दुस्तानी एकेडमी युवा सम्मान’ दिये जाने की घोषणा की गयी है। सम्मान स्वरूप उन्हें 11 हजार रुपये प्रदान किये जायेंगे। जनपद के विकास खण्ड पहाड़ी अन्तर्गत बेलवन ग्राम में जन्मे शुभम् श्रीवास्तव ओम वर्तमान में तहसील सदर में कार्यरत हैं। उनकी अबतक दो नवगीत कृतियाँ ‘फिर उठेगा शोर एक दिन’ व ‘गीत लड़ेंगे अँधियारों से’ प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त उनकी रचनाएँ प्रायः देश की महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती हैं। उन्हें इससे पूर्व भी अनेक प्रतिष्ठित साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जा चुका हैं जिनमें उप्र हिन्दी संस्थान का ‘हरिवंशराय बच्चन युवा गीतकार सम्मान’, राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान का ‘फिराक गोरखपुरी पुरस्कार’, अभिव्यक्ति विश्वम् का ‘नवांकुर पुरस्कार’ आदि महत्वपूर्ण हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर जनपद के साहित्यकारों सर्वश्री गणेश गम्भीर, भोलानाथ कुशवाहा, लल्लू तिवारी, इम्तियाज अहमद गुमनाम, श्याम अचल, आनंद अमित आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है साथ ही उपजिलाधिकारी सदर गौरव श्रीवास्तव, तहसीदार सदर सुनील कुमार, फिरदौस कौसर, विनोद सिंह, धीरज किशोर सिंह, बेनू यादव, सुशील तिवारी आदि समेत सम्पूर्ण तहसील परिवार ने हर्ष जताया है।

55 / 100
शेयर करें