कविर्मनीषी डॉ. आनन्द कुमार सिंह बने उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष

डॉ. आनन्द कुमार सिंह
डॉ. आनन्द कुमार सिंह अपने भाई श्री सानंद कुमार सिंह के साथ

डॉ. आनन्द कुमार सिंह की सारस्वत साधना, दार्शनिक चिन्तन एवं शैक्षिक नेतृत्व के समन्वित व्यक्तित्व को मिला गुरुतर दायित्व

आदरणीय डॉ. आनन्द कुमार सिंह- भारतीय ज्ञानपरम्परा के अध्येता, प्रकृति एवं संस्कृति के सहृदय व्याख्याता, प्रख्यात कवि, चिन्तक एवं शिक्षाविद् को उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। सुदीर्घ सारस्वत साधना, गहन दार्शनिक चिन्तन, अध्यापकीय निष्ठा एवं कुशल शैक्षिक नेतृत्व से समृद्ध डॉ. सिंह के व्यक्तित्व को यह महनीय दायित्व प्राप्त होना हिन्दी साहित्य-जगत् के लिए हर्ष एवं गौरव का विषय है।

कविर्मनीषी डॉ. आनन्दकुमार सिंह का व्यक्तित्व प्रज्ञा, प्रतिभा और पुरुषार्थ की त्रिवेणी है। उनकी सर्जनात्मक चेतना में भारतीय ऋषि-परम्परा का तत्त्वचिन्तन, प्रकृति का निसर्गजात सौन्दर्य, लोकजीवन की सहज संवेदना और समकालीन युगबोध एक साथ स्पन्दित होते हैं। मध्यप्रदेश में दशकों तक अध्यापनरत रहकर उन्होंने विद्यार्थियों की अनेक पीढ़ियों की बौद्धिक चेतना एवं सृजनात्मक प्रतिभा का परिष्कार किया है। सम्प्रति ग़ाज़ीपुर के सत्यदेव ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेज़ के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक के रूप में वे शिक्षा के प्रसार एवं युवा प्रतिभाओं के अभ्युदय में संलग्न हैं।

उनकी सुदीर्घ सारस्वत साधना का सर्वाधिक उल्लेखनीय प्रतिफल महाकाव्य ‘अथर्वा : मैं वही वन हूँ’ है। छब्बीस वर्षों की अनवरत काव्यसाधना से प्रसूत इस महाकाव्य में भारतीय आर्षचिन्तन, अरण्य-संस्कृति, प्रकृति और मनुष्य के अन्तःसम्बन्ध तथा सृष्टि की चिरन्तन चेतना का उदात्त काव्यात्मक निरूपण हुआ है। इस महनीय काव्यकृति के लिए उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान ने उन्हें वर्ष 2021 ई. के पचहत्तर सहस्र रुपये की धनराशि से युक्त प्रतिष्ठित ‘तुलसी नामित पुरस्कार’ तथा मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी ने इसी वर्ष के एक लक्ष रुपये की धनराशि से युक्त ‘अखिल भारतीय अटल बिहारी वाजपेयी पुरस्कार’ से समलंकृत किया है। एक ही महाकाव्य का दो प्रदेशों की शीर्षस्थ साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत होना उनकी काव्यप्रतिभा एवं सारस्वत साधना की विशिष्ट उपलब्धि है। यह भी एक सुखद संयोग है कि जिस उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान ने उनकी काव्यसाधना का समादर किया था, आज उसी संस्था के सारस्वत नेतृत्व का दायित्व उन्हें प्राप्त हुआ है

उनकी बहुचर्चित काव्यकृति ‘सौन्दर्य जल में नर्मदा’ भारतीय नदीय सभ्यता, सांस्कृतिक अस्मिता एवं नैसर्गिक सौन्दर्य का भावप्रवण काव्याख्यान है। इस कृति के प्रमुख खण्डों ‘नर्मदा सूक्त’ और ‘नदी सूक्त’ में भारतीय संस्कृति की युगयुगीन स्मृतियाँ, लोकास्था, तपःसाधना और जीवन की अजस्र चेतना अभिव्यञ्जित हुई हैं। डॉ. सिंह की काव्यदृष्टि में नर्मदा मात्र एक भौगोलिक जलधारा नहीं, अपितु भारतीय सभ्यता की निर्मात्री, संस्कृति की संवाहिका और आध्यात्मिक चेतना की अधिष्ठात्री है। प्रख्यात साहित्यकार प्रो. रमेशचन्द्र शाह एवं नर्मदा के अनन्य सौन्दर्योपासक अमृतलाल वेगड़ ने भी इस कृति पर अपने अभिमत व्यक्त किये हैं।

‘विवेकानन्द’ एवं ‘हिन्दी साहित्य के पुरोधा’ उनकी वैचारिक प्रौढ़ता और साहित्यिक अनुशीलन की परिचायक कृतियाँ हैं। मौलिक साहित्य-सर्जना के अतिरिक्त सम्पादन के क्षेत्र में भी उनका अवदान उल्लेखनीय है। ‘लोक : स्मृति एवं संस्कृति’ तथा ‘विमर्श का वैभव’ उनके सम्पादकीय कौशल, अनुसन्धानपरक अभिरुचि एवं साहित्यिक विवेक के निदर्शन हैं।

उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान हिन्दी की समृद्ध सारस्वत सम्पदा के संरक्षण एवं संवर्धन की शीर्षस्थ संस्था है। साहित्यिक मनीषा के समादर, सृजनधर्मिता के उन्नयन, नवोदित प्रतिभाओं के प्रोत्साहन तथा भारतीय ज्ञानपरम्परा से सम्बद्ध ग्रन्थों के अनुशीलन एवं प्रकाशन में इसकी महनीय भूमिका रही है। डॉ. आनन्दकुमार सिंह की साहित्यिक प्रज्ञा, सांस्कृतिक दृष्टि, सर्जनात्मक प्रतिभा एवं प्रशासनिक दक्षता से संस्थान की सारस्वत गतिविधियों को नवीन ऊर्जा, गति एवं व्यापक आयाम प्राप्त होने की आशा है। उनकी नियुक्ति हिन्दी की गौरवशालिनी साहित्यिक परम्परा और उसकी भावी सृजनात्मक सम्भावनाओं के मध्य एक सुदृढ़ सेतु के निर्माण का सुअवसर है।

मैं इस मंगलमय अवसर पर अपने आदरणीय अग्रज को इस गुरुतर दायित्व की प्राप्ति के लिए हृदयतल से बधाई देता हूँ। श्रीरघुनाथजी सरकार आपको सुदीर्घ आयुष्य, अक्षय ऊर्जा एवं उत्तरोत्तर सारस्वत उत्कर्ष प्रदान करें। आपके नेतृत्व में उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान साहित्यिक उत्कर्ष के नवीन शिखरों का संस्पर्श करे, यही मेरी हार्दिक अभिलाषा है।

पुनः पुनः बधाई! अनन्त अशेष अमोघ स्वस्तिकामनाएँ! सादर प्रणाम।

— डॉ. जितेन्द्रकुमार सिंह ‘संजय’, मिर्ज़ापुर

डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह
59 / 100 SEO Score
शेयर करें

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *