लोक डाउन | भोलानाथ कुशवाहा | हिन्दी श्री पब्लिकेशन

IMG 20210807 230836 1
लोक डाउन पुस्तक

वरिष्ठ साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा का कहानी संग्रह
” लोक डाउन ” प्रकाशित
साहित्यकारों ने दी बधाई

अब तक चार कविता संग्रह व एक “ईशा” सीरियल नाटक हो चुके हैं प्रकाशित
मिर्जापुर। जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा का कहानी संग्रह “लोक डाउन” प्रकाशित हुआ है। सन् 2021 में प्रकाशित इस ताजा कहानी संग्रह में समसामयिक व ज्वलंत विविध विषयों को लेकर लिखी गयी 13 कहानियाँ शामिल हैं। इन कहानियों में महिला विमर्श, श्रमिक विमर्श, दलित विमर्श, प्रेम संबंध आदि तत्कालिक विषयों को प्रमुखता से उठाया गया है। कहानी संग्रह “लोक डाउन” शीर्षक आज के लोक यानि समाज के द्वंद्व व उसकी गिरती स्थिति को दर्शाता है। इस संग्रह को ‘हिंदी श्री पब्लिकेशन’ ने प्रकाशित किया है। इसकी भूमिका प्रख्यात कथाकार, ‘भारत भारती’ से सम्मानित लेखिका डॉ सूर्यबाला श्रीवास्तव , पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर एवं आर. आर.पीजी कालेज अमेठी के हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ अनुज प्रताप सिंह व एसोसिएट प्रोफेसर तथा यूइंग क्रिश्चियन डिग्री कालेज , प्रयागराज के हिंदी विभाग की अध्यक्ष डॉ रमोला रूथ लाल ने लिखी है।
नगर के बाँकेलाल टंडन की गली, वासलीगंज मोहल्ले के निवासी 71 वर्षीय भोलानाथ कुशवाहा की यह छठवीं प्रकाशित साहित्यिक कृति है। इससे पूर्व उनके चार कविता संग्रह–कब लौटेगा नदी के उस पार गया आदमी (सन् 2007), जीना चाहता हूँ (सन् 2008), इतिहास बन गया ( सन् 2010), वह समय था ( सन् 2019) एवं सीरियल नाटक ‘ईशा’ ( सन् 2020) प्रकाशित हो चुके हैं।
श्री कुशवाहा का जन्म मिर्जापुर जनपद के सदर तहसील अंतर्गत ग्राम राजपुर में हुआ था। उनकी जन्मतिथि 7 जुलाई 1950 है। उनकी साहित्यिक निर्मिति दो शहरों प्रयागराज (इलाहाबाद) व मिर्जापुर की है। उन्होंने साहित्य की कई विधाओं जैसे कविता,गीत, नवगीत,मुक्तक,दोहा, हाइकु,शेर, गजल, नाटक, कहानी, लघुकथा आदि में लेखन किया है।
श्री कुशवाहा की रचनाएँ देश की हिंदी की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। उनकी कविताएँ आकाशवाणी के वाराणसी, इलाहाबाद, बरेली व दिल्ली केंद्रों से प्रसारित हो चुकी हैं। उनकी कविताओं का प्रसारण दूरदर्शन के वाराणसी व इलाहाबाद केंद्रों से भी हो चुका है। उन्होंने कई साहित्यिक मंचों पर देश के मानिंद रचनाकारों के साथ काव्यपाठ किया है। उनमें हिंदी साहित्यिक सम्मेलन प्रयाग, हिंदुस्तानी अकादमी, उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र, नेहरू युवा केंद्र आदि प्रमुख हैं।
भोलानाथ कुशवाहा के कहानी संग्रह “लोक डाउन” के प्रकाशन पर अनेक साहित्यकारों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए आगे भी लगातार साहित्यिक लेखन करते रहने के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। बधाई देने वाले प्रमुख लोगों में वृजदेव पांडेय, डॉ रेनूरानी सिंह, प्रमोद कुमार सुमन,लालव्रत सिंह सुगम, आनंद संधिदूत,गणेश गंभीर,भानु कुमार मुंतजिर, डॉ रमाशंकर शुक्ल, लल्लू तिवारी,अरविंद अवस्थी, मुहिब मिर्जापुरी, केदार नाथ सविता,जफर मिर्जापुरी, शुभम श्रीवास्तव ओम,खुर्शीद भारती,हसन जौनपुरी, हेलाल मिर्जापुरी,आनंद प्रजापति अमित,डॉ अनुराधा ओस, नंदिनी वर्मा,इंतियाज अहमद गुमनाम,इरफान करैशी, प्रियंका सिंह आदि हैं। लोक डाउन का लोकार्पण व विमोचन जल्द ही मिर्ज़ापुर में किया जाएगा।

64 / 100
शेयर करें

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *